3 Mar 2026, Tue

बास्केटबॉल लीग के विस्तार के लिए एसीजी स्पोर्ट्स की साझेदारी

महाराष्ट्र बास्केटबॉल लीग 14 से 21 मार्च तक पुणे में; अनिरुद्ध पोले और राहुल झा ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

पुणे: देश की पहली व्यावसायिक बास्केटबॉल लीग को मजबूत आधार देने और इस खेल के लिए अनुकूल पारिस्थिति विकसित करने के उद्देश्य से एसीजी स्पोर्ट्स ने एबीसी बास्केटबॉल डेवलपमेंट लीग के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत महाराष्ट्र बास्केटबॉल लीग का आयोजन 14 से 21 मार्च के दौरान पुणे के खराड़ी स्थित राजाराम भिकू पठारे स्टेडियम में किया जाएगा। इस लीग में लड़कों की आठ और लड़कियों की पांच टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को पेशेवर माहौल, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और निरंतर प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ सकें।

यह जानकारी एसीजी स्पोर्ट्स के स्ट्रैटेजिक हेड राहुल झा और एबीसी बास्केटबॉल डेवलपमेंट लीग के निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिरुद्ध पोले ने विमाननगर स्थित फोर पॉइंट्स शेराटन होटल में आयोजित पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर केरल बास्केटबॉल संघ के सचिव पी. सी. एंटनी, तेलंगाना बास्केटबॉल संघ के सचिव पृथ्वी रेड्डी और दिल्ली बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष मुकेश कालिया उपस्थित थे।

अनिरुद्ध पोले ने कहा कि एसीजी स्पोर्ट्स और एबीसी बास्केटबॉल डेवलपमेंट लीग का यह संयुक्त प्रयास राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल के लिए दीर्घकालीन विकासात्मक मार्ग तैयार करने की दिशा में अहम कदम है। इससे जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली और तेलंगाना में अंडर-14 और अंडर-18 आयु वर्ग के लिए कुल सात लीग आयोजित की जाएंगी। अगले चरण में आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा-चंडीगढ़ में भी बास्केटबॉल लीग शुरू की जाएंगी।

राहुल झा ने कहा कि भारतीय बास्केटबॉल के उज्ज्वल भविष्य के लिए खिलाड़ियों के विकास की संपूर्ण प्रणाली तैयार करना आवश्यक है। युवा खिलाड़ियों के लिए लीग और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था के समन्वय से उन्हें बेहतर अवसर मिलेंगे। यह लीग फ्रेंचाइजी आधारित होंगी और संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों की पहचान और उनका विकास किया जाएगा। निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एसीजी के ‘हाई परफॉर्मेंस सेंटर्स’ में ट्रायल का अवसर भी मिलेगा।

इस लीग के ब्रांड एंबेसडर के रूप में प्रसिद्ध अभिनेता सुनील शेट्टी और रणविजय सिंह को जोड़ा गया है। केरल बास्केटबॉल लीग की शुरुआत पहले ही हो चुकी है, जबकि दिल्ली और तेलंगाना में लीग का आयोजन अगले चरण में किया जाएगा। एसीजी स्पोर्ट्स, एसीजी फार्मास्युटिकल समूह की खेल प्रबंधन शाखा है और बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से देश में व्यावसायिक बास्केटबॉल और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण अवसंरचना के विकास के लिए कार्य कर रही है।

विभिन्न राज्यों की बास्केटबॉल संघटनाओं ने इस पहल का स्वागत किया है। महाराष्ट्र राज्य बास्केटबॉल संघ के सचिव गोविंद मुथू कुमार ने कहा कि ऐसे संरचित प्रयासों से महाराष्ट्र की समृद्ध बास्केटबॉल संस्कृति को मजबूती मिलेगी। वहीं पी. सी. एंटनी, पृथ्वी रेड्डी और मुकेश कालिया ने भी विश्वास जताया कि बास्केटबॉल में करियर बनाने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button