29 Oct 2026, Thu

अग्रवाल समाज फेडरेशन एवरग्रीन गोल्डन क्लब द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न

पुणे। अग्रवाल समाज फेडरेशन एवरग्रीन गोल्डन क्लब के इस वर्ष के तृतीय कार्यक्रम के अंतर्गत श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 9 सितंबर को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक बड़े उत्साह, उमंग एवं धार्मिक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में भगवान श्री कृष्ण के जन्म से लेकर वासुदेव-देवकी, श्री कृष्ण जन्म, कालिया नाग, गोपियों का नृत्य, भजन-कीर्तन, रास-गरबा एवं दही हांडी सहित विभिन्न आकर्षक झांकियों एवं प्रस्तुतियों का मंचन किया गया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा वातावरण गोकुल एवं वृंदावन में परिवर्तित हो गया हो।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि क्लब के सदस्यों ने स्वयं विभिन्न किरदार निभाकर प्रस्तुतियों को जीवंत रूप प्रदान किया। वासुदेव एवं देवकी की भूमिका विजय अग्रवाल एवं संगीता अग्रवाल ने शानदार ढंग से निभाई।

गोपियों के मनमोहक नृत्य ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अनीता जैन, मीणा गोयल, अनीता बंसल, सुनीता, कविता अग्रवाल, अनीता अग्रवाल एवं निर्मला गुप्ता ने सुंदर नृत्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

वहीं यशोदा मैया की भूमिका आरती गुप्ता ने निभाई। उनके भावपूर्ण एवं प्रभावशाली अभिनय ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनके अभिनय में मां यशोदा का वात्सल्य और श्री कृष्ण के प्रति प्रेम जीवंत दिखाई दिया।

कार्यक्रम को सफल एवं आकर्षक बनाने में उषा तुलस्यान एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। टीम द्वारा श्री कृष्ण की सुंदर झांकियां, कृष्ण जन्म की कथा तथा भजन-कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजन की सफलता के लिए उषा तुलस्यान एवं उनकी पूरी टीम का उपस्थित सदस्यों द्वारा विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर अग्रवाल समाज फेडरेशन के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार गोयल, उपाध्यक्ष श्री विनोद बंसल, सचिव श्री के. एल. बंसल, कोषाध्यक्ष श्री श्याम पातीराम गोयल तथा कोर कमेटी के सदस्य नंदलाल गुप्ता, नितिन अग्रवाल, सुभाष शुक्ला, रेशम जी अग्रवाल एवं मदन अग्रवाल का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा।

इसी प्रकार एवरग्रीन गोल्डन क्लब की अध्यक्ष सरस्वती गोयल, भूतपूर्व अध्यक्ष जयकिशन गोयल, सचिव सुरेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष विजय गुप्ता तथा कमेटी सदस्य के. बी. गोयल, रविंद्र अग्रवाल, नरेश गोयल, अंजू गुप्ता, सुषमा गुप्ता एवं अंजलि अग्रवाल सहित सभी सदस्यों का कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सामूहिक सहयोग से श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों, कलाकारों एवं उपस्थित समाजबंधुओं का तहे दिल से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button